लुधियाना , जून 24 -- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से योग दिवस मनाने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा स्वच्छता गतिविधियों के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर हिमालयन योग संस्थान से रंजीत सिंह उपस्थित हुए। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन बनाये रखने का प्रभावी माध्यम है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जे.पी.एस. गिल ने बुधवार को विद्यार्थियों को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और समाज की भलाई के लिए सामुदायिक सेवा गतिविधियों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ आर. एस. औलख ने एनएसएस इकाई की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता को भी बढ़ावा देती हैं।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ निधि शर्मा ने बताया कि प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

योग सत्र के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने सफाई कार्यों के साथ-साथ परिसर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए चूना और काली पुताई का कार्य भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित