पटना , जुलाई 21 -- ानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर से फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव कार्य में तैनात कर्मियों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान के पहले दिन अजीमाबाद एवं पटना सिटी अंचल कार्यालय में कार्यरत कर्मियों को विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट की तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। टीम में पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट, माइक्रोबायोलॉजिस्ट तथा डिस्ट्रिक्ट वेक्टर बॉर्न डिजीज कंट्रोल ऑफिसर शामिल थे।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा स्प्रे उपकरणों के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित संचालन, कीटनाशकों के उचित एवं प्रभावी उपयोग, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन तथा वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड में कार्य करते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं प्रभावी कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पटना नगर निगम मानसून के दौरान जलनिकासी कार्यों के साथ-साथ डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वर्षाजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रतिदिन दो पालियों में फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव का अभियान चला रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड में कार्यरत कर्मियों की दक्षता बढ़ाकर इन अभियानों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाना है।
नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आगामी दिनों में अन्य अंचलों के कर्मियों को भी चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण का अगला चरण 22 जुलाई को पाटलिपुत्र अंचल कार्यालय, 23 जुलाई को बांकीपुर अंचल कार्यालय, 24 जुलाई को कंकड़बाग अंचल कार्यालय तथा 25 जुलाई को नूतन राजधानी अंचल कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।
पटना नगर निगम का यह विशेष प्रशिक्षण अभियान वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों की क्षमता सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित