वाशिंगटन , अक्टूबर 20 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अलग राह लेते हुए उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने सोमवार को यह कहने से सीधे मना कर दिया कि वह नेतन्याहू के दोबारा जीतने का समर्थन करते हैं या नहीं।
श्री वेंस के इस बयान से कुछ दिन पहले श्री ट्रंप ने खुलकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन किया था।
एयर फोर्स टू पर पत्रकार मार्क हैलप्रीन को दिये एक साक्षात्कार में श्री वेंस ने कहा, " मैं अमेरिकी उम्मीदवारों का समर्थन करता हूं और मध्यावधि चुनावों पर ही मेरा ध्यान केंद्रित है। मैं इजरायली चुनावों में नहीं पड़ रहा हूं। "गौरतलब है कि श्री वेंस ने इस वर्ष की शुरुआत में हंगरी की यात्रा की थी, ताकि श्री ट्रंप समर्थित उम्मीदवार विक्टर ओर्बान के चुनाव से पहले उनका समर्थन किया जा सके। इसके बावजूद लंबे समय से प्रधानमंत्री रहे इस नेता को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि वह न तो श्री नेतन्याहू का समर्थन करने के पक्ष में हैं और न ही इसके खिलाफ।
श्री वेंस ने कहा, "मैं उनके समर्थन के खिलाफ नहीं हूं। मैं उनके समर्थन के पक्ष में भी नहीं हूं। मैं इजरायली चुनावों में शामिल नहीं हो रहा हूं।"ताजा बयान से पहले श्री ट्रंप ने भी श्री नेतन्याहू का समर्थन करने से दूरी बनाए रखी थी। श्री ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में 'टाइम' पत्रिका से कहा था, "मैं इजरायली राजनीति में शामिल नहीं हूं।"लेकिन सोशल मीडिया पर इसके पूर्व किए पोस्ट में श्री नेतन्याहू को 'महान योद्धा प्रधानमंत्री' करार देते हुए श्री ट्रंप ने खुलकर उनका समर्थन कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित