अलवर , जून 17 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में बासनी गांव में कूड़ा डालने और ईंधन डालने के विवाद में मंगलवार को एक वृद्ध की हत्या के मामले में ग्रामीणों ने बुधवार को थाने के सामने प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब छह लोगों ने एक वृद्ध को घेरकर लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतक के परिजन और ग्रामीण आज मुंडावर थाने पहुंच गये और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कुछ समय के लिए थाने के सामने मुख्य मार्ग पर बैरिकेड लगाकर रास्ता अवरुद्ध भी किया।

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने 12 जून को ही संभावित विवाद और हमले की आशंका को लेकर पुलिस एवं प्रशासन को लिखित सूचना दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गयी। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का न तो अंतिम संस्कार किया जाएगा और न ही अन्य अंतिम प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

सूचना मिलने पर किशनगढ़बास के पुलिस उपाधीक्षक लालसिंह यादव मुंडावर थाने पहुंचे और ग्रामीणों एवं परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया की बासनी गांव में मंगलवार देर रात एक बुजुर्ग की मौत हो गयी थी, जिसमे परिजन दूसरी पार्टी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है। साथ ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि पूरे मामले का पता चल सके।

परिजनों को उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित