चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक वृद्धा की हत्या करके लूट की वारदात से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि हट्टीपुरा गांव में वृद्धा जमना बाई अपने घर में अकेली ही रहती थी। सुबह उसके मकान का दरवाजा खुला देखकर पड़ोसियों ने उसे आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसी अंदर गए तो टीन शेड के नीचे पलंग पर उसका शव मिला।
इस पर उसके रिश्तेदारों को बुलाया गया। मौके पर जेठ, देवर और भतीजे मौके पर पहुंचे तो उन्हें वृद्धा मृत मिली और कमरे में सामान भी बिखरा हुआ था, जबकि किसी तरह की चोट का निशान नहीं दिखा। संभवत: उसकी गला घोंटकर हत्या करके लूटपाट की गयी। वृद्धा के पहने हुए आभूषण भी नहीं मिले।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी विनोद मेनारिया पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सोंप दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित