धार , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अखिलेश कुमार जैन ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित श्रद्धालय वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दैनिक व्यवस्थाओं और आश्रम के संचालन की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

श्री जैन ने कहा कि वृद्धजनों का जीवन सुखद एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाना जरूरी है। उन्होंने वृद्धाश्रम संचालन संस्था द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि इन नवाचारों और बेहतर व्यवस्थाओं का व्यापक स्तर पर प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश के अन्य वृद्धाश्रम भी इससे प्रेरणा ले सकें।

निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने वृद्धाश्रम के महिला एवं पुरुष कक्ष, भोजनशाला तथा परिसर में स्थित तीनों उद्यानों का अवलोकन किया। उन्होंने वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने भोज शोध संस्थान के निदेशक से वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए किए जा सकने वाले कार्यों तथा नवाचारों के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। उन्होंने अतिथि कक्ष के उन्नयन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

सीईओ ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग दिनेश वर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित