बारां , जुलाई 19 -- राजस्थान के बारां में जिला बैरवा महासभा समिति द्वारा बैरवा समाज छात्रावास परिसर में रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बारां विधायक राधेश्याम बैरवा मुख्य अतिथि रहे, जबकि समिति के जिलाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद बैरवा एवं कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष बृजेश वर्मा ने अध्यक्षता की।
इस अवसर पर परिसर में कदम, गुलमोहर, चंपा, गुड़हल, बादाम, अल्स्टोनिया, मीठा नीम सहित विभिन्न छायादार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का दायित्व निभाना चाहिए। समाज द्वारा किया जा रहा यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित