जालौन , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान को पूर्ण गंभीरता, समन्वय और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण, संवर्धन और जीवित रखने की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में वृक्षारोपण अभियान, गंगा संरक्षण तथा पर्यावरणीय गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप गड्ढा खुदाई, पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों के चयन तथा अन्य तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को नर्सरियों में पौधों की पर्याप्त उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था सुदृढ़ रखने को कहा।

डीएम ने विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया। साथ ही प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गंगा संरक्षण और पर्यावरणीय गतिविधियों की समीक्षा के दौरान उन्होंने नदी एवं जल स्रोतों की स्वच्छता, हरित क्षेत्र विस्तार, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को अभियान के रूप में संचालित करने पर जोर दिया। बैठक में सीडीओ, एडीएम नमामि गंगे, डीएफओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित