मथुरा , अक्टूबर 18 -- मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कृपालु महाराज के पुराने आश्रम के समीप स्थित एक तीन मंजिला गेस्ट हाउस में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। इस हादसे में ऊंचाई पर काम कर रहे दो मजदूर अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरे, जिससे एक महिला मजदूर की मौके पर ही दुखद मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

निर्माणाधीन छज्जा टूटने से हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, दोपहर लगभग एक बजे चिंटू गौतम नामक व्यक्ति की तीन मंजिला गेस्ट हाउस की इमारत में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का छज्जा अचानक टूट गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर संतुलन खो बैठे और सीधे जमीन पर गिर पड़े।

हादसा होते ही आसपास के स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया गया अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद महिला मजदूर रचना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मजदूर कप्तान की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार रामकृष्ण अस्पताल में जारी है।

पुलिस प्रशासन ने लिया मौके का जायजा घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (नगर) मथुरा ने पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच शुरू पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गेस्ट हाउस में निर्माण व रिपेयरिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित