मथुरा 11अप्रैल (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) की वरिष्ठ नेता और सांसद डिम्पल यादव ने शनिवार को धर्मनगरी वृंदावन में विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और यमुना नाव हादसे को लेकर शोक जताया।

वृंदावन पहुंचते ही डिम्पल यादव सीधे बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने ठाकुर जी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रज की पावन भूमि पर आकर उन्हें आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने ठाकुर जी से उत्तर प्रदेश की खुशहाली और जन-कल्याण की प्रार्थना की।

मथुरा में हाल ही में हुए यमुना नदी हादसे पर सांसद ने गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि प्रशासन को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने चाहिए थे। डिम्पल यादव ने सरकार से मांग की है कि वह इस घटना के पीड़ितों और उनके शोकाकुल परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और हर संभव मदद उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार की संवेदनशीलता दिखनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित