श्रीनगर , जुलाई 10 -- स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने शुक्रवार को लद्दाख में पांच इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया।
यह केंद्र शासित प्रदेश का पहला सार्वजनिक ईवी चार्जिंग नेटवर्क है, जो लद्दाख को कार्बन-तटस्थ क्षेत्र बनाने की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
अधिकारियों ने बताया कि इन नये ईवी चार्जिंग स्टेशनों को लेह के मुख्य बस स्टैंड, टिया रोंग, सोलर कॉलोनी, चुचोट शम्मा और खाल्त्सी में बनाया गया है। इसके अलावा, लेह में मैग्नेटिक हिल के पास एक छठा चार्जिंग स्टेशन भी बनकर तैयार होने के अंतिम चरण में है।
इस नये ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को लद्दाख के भीतर यात्रा करने या अपने वाहनों को चार्ज करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन दो फास्ट-चार्जिंग गन से लैस है, जिससे वाहन केवल 30 मिनट से एक घंटे के भीतर अपनी क्षमता के 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकते हैं, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को अधिक व्यावहारिक और सुविधाजनक बनाता है। इसके साथ ही, सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए इनमें उन्नत अग्नि सुरक्षा उपाय और आपातकालीन 'शटडाउन सिस्टम' भी लगाये गये हैं।
उपराज्यपाल ने इन चार्जिंग स्टेशनों के उद्घाटन को लद्दाख के स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की ओर बढ़ने के सफर में एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल लद्दाख को कार्बन-तटस्थ क्षेत्र बनाने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, यहां के पर्यावरण की रक्षा करने और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता को कम करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के पूरी तरह अनुरूप है।
श्री सक्सेना ने कहा, " इन ईवी चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन स्वच्छ ऊर्जा, सतत परिवहन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार विकास के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लद्दाख की संवेदनशील पारिस्थितिकी की यह मांग है कि हम ऐसी तकनीक अपनायें जो प्रदूषण को कम करे और कार्बन उत्सर्जन को घटाये। मुझे पूरा विश्वास है कि लद्दाख के लोग, जिन्होंने हमेशा प्रगतिशील पहलों का स्वागत किया है, स्वच्छ परिवहन की ओर इस बदलाव को पूरे दिल से अपनाएंगे।"उपराज्यपाल ने लद्दाख के लोगों से अपील करते हुए धीरे-धीरे पारंपरिक पेट्रोल और डीजल वाहनों से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख करने का आग्रह किया। उन्होंने रेखांकित किया कि यह बदलाव प्रदूषण को कम करने, पर्यावरण संरक्षण और लद्दाख की अनूठी पारिस्थितिक विरासत की रक्षा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित