रांची , जनवरी 23 -- झारखंड के कांग्रेस भवन, रांची में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज सम्पन्न हुई।

बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार तथा मनरेगा बचाओ संघर्ष को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पनवार, प्रभारी आशिका कुजूर एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं मनरेगा वॉच के संयोजक जेम्स है हेंरेंज मुख्य रूप से उपस्थित हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने की। उन्होंने पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पनवार ने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम को पंचायत स्तर तक ले जाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

श्री पनवार ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक मनरेगा मजदूरों के साथ मिलकर जॉब की मांग करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का अधिकार सुरक्षित रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि वी बी ग्राम जी योजना के चलते मजदूरो को नुकसान हो रहा है, उससे ग्रामीण मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

बैठक के दौरान मनरेगा वॉच के संयोजक जेम्स हेरेंज ने मनरेगा और वीबी ग्राम के बीच के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि मनरेगा एक कानूनी अधिकार है, जबकि वैकल्पिक योजनाओं के नाम पर इसे कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सभी से मनरेगा बचाने के लिए संगठित संघर्ष का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा देश में मजदूरों के हितों को खत्म करने की साजिश मनरेगा के योजना के प्रावधानों को खत्म कर मारा जा रहा है, कांग्रेस ने हमेशा देश के मजदूर किसानों एवं वंचितों के लिए कानून बनाया है। इस देश के निर्माण में कांग्रेस की भूमिका रही है हमारा दायित्व है कि हम इन कानून की रक्षा के लिए आवाज़ उठाएं। जब तक मनरेगा कानून के प्रावधान नए कानून में सम्मिलित नहीं किए जाते हैं तब तक कांग्रेस का संघर्ष जमीनी स्तर पर जारी रहेगा।

बैठक के मुख्य बिंदुओं में संगठन की आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देना, पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, गाँव स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम तथा संगठन विस्तार अभियान शामिल रहा। इसके साथ ही आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भी रणनीतिक चर्चा हुई।

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष शंतनु मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अंजनी रंजन, मुकेश चंदेल, सत्यम सिंह, अमित झा, मुदस्सर खान, संदीप गुप्ता, मैतेश यादव, दिलीप तिर्की, अनामिका सरकार सहित अनेक प्रदेश, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मनरेगा बचाओ संग्राम को जन-जन तक पहुँचाने और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित