चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा के उद्योग वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नारबीर सिंह ने महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर रेवाड़ी स्थित वीर सावरकर उद्यान में अखंड भारतवर्ष द्वार का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वीर सावरकर का जीवन राष्ट्रवाद, राष्ट्र सेवा और अदम्य साहस का प्रतीक है।
उन्होंने वीर सावरकर को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। देश की आजादी के लिए उन्होंने सेलुलर जेल (काला पानी) की असंख्य यातनाएं झेलीं, लेकिन कभी अंग्रेजों के सामने झुके नहीं। उनका राष्ट्रवाद के प्रति अडिग संकल्प आज भी युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करता है।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि आज देशवासी वीर शहीदों की बदौलत खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें उनके दिखाये मार्ग पर चलते हुए देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखंड भारतवर्ष द्वार वीर सावरकर के संघर्षमय जीवन से लोगों को परिचित करवाएगा और उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव पूरे राज्य में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि हरियाणा में नयी उद्योग नीति एक जून से लागू की जाएगी, जो देश की बेहतर उद्योग नीतियों में शामिल होगी। इसमें उद्योगों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया तहत गुरुग्राम में ग्लोबल सिटी विकसित की जाएगी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान होगी। इसके अलावा रेवाड़ी में बावल के बाद कोसली क्षेत्र में भी आईएमटी विकसित की जाएगी, जो प्रदेश की सबसे बड़ी आईएमटी के रूप में स्थापित होगी।
इस अवसर पर रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, वीर सावरकर उद्यान समिति के संरक्षक श्रीनिवास शास्त्री, अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित