श्रीगंगानगर , मार्च 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कुख्यात चोर को वीर बहादुर शहीद सैनिक को मरणोपरांत मिले अशोक चक्र पदक चुराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
वर्ष 1962 के गोवा मुक्ति संग्राम में शहीद हुए लांस नायक शीशपाल सिंह को सरकार ने 15 अगस्त 1962 को यह पदक देकर सम्मानित किया गया था। चोर ने पदक को साधारण तांबे की वस्तु समझकर छुपाकर रख लिया था। पुलिस की गहन छानबीन के बाद शनिवार को न सिर्फ चोर पकड़ा गया, बल्कि अमूल्य अशोक चक्र पदक भी पूर्ण रूप से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। शहीद के परिजनों ने पदक मिलने पर राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने शनिवार को बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को अनूपगढ़ शहर के वार्ड नंबर 21/15 में विक्रम सिंह राजपूत के मकान से चोर अन्य सामान के साथ उक्त अशोक चक्र पदक भी चुरा कर ले गया। पुलिस ने लम्बी जांच के बाद शातिर चोर और कुख्यात बदमाश अभिषेक उर्फ अंकित (28) को गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक नशे का आदी है और नशे के लिए ही वह लगातार चोरियां करता रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित