जौनपुर , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जौनपुर जिले के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए 27 जुलाई को यहां आएंगी। इस बार वह यहां हेलीकॉप्टर की बजाय ट्रेन से यहां पहुंचेंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती पटेल उर्जा संरक्षण के मद्देनजर बेगमपुरा एक्सप्रेस से 10 बजकर 38 मिनट पर जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंचेंगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को सुबह 7:10 राजभवन से लखनऊ रेलवे स्टेशन पर आएंगी और वहां से बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से 7:20 पर जौनपुर सिटी के लिए रवाना होगी और 10:38 पर जौनपुर सिटी स्टेशन पर पहुंचेंगी। वहाँ से कड़ी सुरक्षा के बीच कार से 11:10 बजे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस पहुंचेगी। इसके बाद वह 11:30 से 11:45 तक एचपीवी टीकाकरण समारोह और फिर 11:45 से 14:00 तक वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30 वें दीक्षांत समारोह में अध्यक्ष के रूप में शामिल होंगी। राज्यपाल 14:10 बजे गेस्ट हाउस वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से कार द्वारा प्रस्थान कर 16:10 बजे सर्किट हाउस वाराणसी पहुंचेगी। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम (विशिष्ट सेवा मेडल) , प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी मौजूद रहेंगी।

राज्यपाल आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्यपाल के रेल मार्ग से आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, ताकि राज्यपाल का दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। सत्ताइस जुलाई को राज्यपाल के आगमन को देखते हुए जौनपुर नगर में सुबह 6:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक बड़े वाहनों पर पूर्ण तक प्रतिबंध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित