पटना , सितंबर 17 -- अभिनेता वीर पहाड़िया ने समाजसेवी हुसैन मंसूरी के साथ बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान में हिस्सा लिया और प्रभावित परिवारों के बीच जरूरी सामग्री वितरित की।राहत अभियान के दौरान वीर ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने लोगों के बीच भोजन, रोजमर्रा की जरूरत का सामान, बच्चों के लिए पढ़ाई की सामग्री और परिवारों के लिए बेड समेत अन्य जरूरी सामान वितरित किया। उन्होंने राहत अभियान में आर्थिक सहयोग भी दिया।
हुसैन मंसूरी लंबे समय से जरूरतमंद और प्रभावित लोगों की मदद के लिए जमीनी स्तर पर काम करते रहे हैं। इससे पहले वह असम में भी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों में शामिल हो चुके हैं। बिहार में चलाए गए राहत अभियान में वीर पहाड़िया भी उनके साथ जुड़े और प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर मदद की।
अभियान से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में वीर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से बातचीत करते और उनके बीच राहत सामग्री वितरित करते नजर आ रहे हैं। वीर की भागीदारी आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में हिस्सा लिया और प्रभावित परिवारों के साथ समय बिताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित