सागर , फरवरी 16 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले स्थित वीरांगना दुर्गावती बाघ अभयारण्य के मुख्य वन क्षेत्र में एक बाघ मृत अवस्था में पाया गया है। यह जानकारी उसके गले में लगाए गए संकेत प्रसारण यंत्र (रेडियो कॉलर) से प्राप्त हुई।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार मोहली परिक्षेत्र के मानेगांव बीट में बाघ का शव मिला। संबंधित बाघ को 18-19 जनवरी 2026 की दरमियानी रात्रि में गले में संकेत यंत्र लगाकर मुख्य वन क्षेत्र में छोड़ा गया था। इसके बाद से निगरानी दल उसकी नियमित निगरानी कर रहा था।
सूत्रों ने बताया कि पिछले दो दिनों से बाघ की स्थिति का संकेत एक ही स्थान से प्राप्त हो रहा था। इस पर संदेह होने पर निगरानी दल मौके पर पहुंचा, जहां बाघ मृत अवस्था में मिला। अंधेरा हो जाने के कारण तत्काल विस्तृत जांच संभव नहीं हो सकी।
वन अधिकारियों के अनुसार खोजी श्वान दल की सहायता से क्षेत्र की सघन तलाशी ली जाएगी तथा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षण की कार्रवाई की जाएगी। बाघ की मृत्यु के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित