कन्नूर , फरवरी 26 -- केरल युवा कांग्रेस की कन्नूर जिला इकाई ने चुनौती दी है कि कोई शख्स अगर राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज पर कथित शारीरिक हमले का वीडियो प्रमाण प्रस्तुत करेगा, तो उसे एक लाख रुपये से अधिक मूल्य का सोना इनाम के तौर पर दिया जाएगा।

युवा कांग्रेस के कन्नूर जिला अध्यक्ष विगिल मोहनन ने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) यह प्रचार कर रही है कि केरल युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कन्नूर रेलवे स्टेशन पर मंत्री वीणा जॉर्ज पर हमला किया। उन्होंने इसे 'फर्जी अभियान' बताते हुए चुनौती दी कि यदि कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध है, तो सार्वजनिक किया जाये और घोषित इनाम प्राप्त किया जाये।

इस बीच, रेलवे पुलिस ने स्टेशन के भीतर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। पुलिस के अनुसार अब तक उपलब्ध किसी भी वीडियो में मंत्री पर हमला होता नहीं दिख रहा है। फिलहाल जांच उनके सुरक्षा अधिकारी के बयान के आधार पर आगे बढ़ रही है।

माकपा नेता एम.वी. जयराजन ने आरोप लगाया कि केरल स्टूडेंट यूनियन (केएसयू) के कार्यकर्ताओं ने मंत्री पर जानलेवा हमला किया। केएसयू राज्य अध्यक्ष एलेक्ज़ियस जेवियर ने कहा कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को मंत्री के पास पहुंचने से पहले ही हटा दिया था, जो उपलब्ध दृश्यों से स्पष्ट है।

मंत्री वीणा जॉर्ज को बुधवार रात कन्नूर सरकारी मेडिकल कॉलेज, परियाराम में आईसीयू में भर्ती कराया गया। एमआरआई जांच में कोई गंभीर चोट नहींपायी गयी, हालांकि चिकित्सकों ने गर्दन में हल्की चोट की पुष्टि की है। लगातार दर्द की शिकायत के चलते मेडिकल बोर्ड ने उन्हें फिलहाल छुट्टी न देने का निर्णय लिया है।

मामले में युवा कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को उप-जेल में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। घटना के बाद कन्नूर जिले में कांग्रेस के कई कार्यालयों परकथित रूप से हमले किये गये। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण यह प्रकरण राज्य में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित