लखनऊ , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मोहर्रम और नीट परीक्षा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।

शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री फील्ड के अधिकारियों से सीधे संवाद कर जमीनी तैयारियों का जायजा लेंगे।

आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में वृहद कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई के इंतजामों की समीक्षा करेंगे। मोहर्रम के मद्देनजर जुलूस मार्गों की सुरक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन से निगरानी तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए किए गए प्रबंधों पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी।

नीट परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, जैमर, पुलिस बल की तैनाती और उड़नदस्तों की व्यवस्था पर भी मंथन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित