चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- हरियाणा में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए द हिसार-जींद को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन लिमिटेड (वीटा) ने हिसार जिले में विभिन्न निर्धारित स्थानों पर मिल्क बूथ आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 23 नवंबर को शाम पांच बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बूथ आवंटन में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके तहत दिव्यांगजनों, महिलाओं, युद्ध विधवाओं, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, दुग्ध उत्पादकों के आश्रितों, महिला स्वयं सहायता समूहों और रक्षा बलों के पूर्व सैनिकों के लिए बूथ आरक्षित किए गए हैं। कुछ स्थान सामान्य वर्ग के लिए भी निर्धारित किए गए हैं।

प्रवक्ता के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

इच्छुक आवेदकों को 500 रुपये आवेदन शुल्क और 5,000 रुपये सुरक्षा राशि के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा कराने होंगे। आवेदन द हिसार-जींद को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र, नियम एवं शर्तों तथा बूथ आवंटन संबंधी विस्तृत जानकारी वीटा की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित