जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी (वीजीयू), जयपुर के विधि विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की चतुर्थ वीजीयू आर.के. रस्तोगी स्मृति संधिवार्ता प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ।

प्रतियोगिता में देश के प्रमुख विधि संस्थानों, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों और विधि संकायों की 60 टीमें शामिल हुईं। प्रतिभागियों ने निगमित, दीवानी और वाणिज्यिक विवादों से जुड़े विभिन्न परिस्थितिजन्य मामलों में अपने वार्ता कौशल, तार्किक क्षमता और विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में राजस्थान सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार मुख्य अतिथि और पूर्व आईएएस अधिकारी एवं सच बेधड़क मीडिया समूह, जयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक पवन अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अभय कुमार ने कहा कि एक अच्छा मध्यस्थ बनने के लिए सबसे पहले अच्छा श्रोता होना जरूरी है। साथ ही तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की क्षमता भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में मध्यस्थ की भूमिका और महत्वपूर्ण होगी। इससे कार्यों को आसान बनाने के साथ मानव क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।

वीजीयू के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) डी.वी.एस. भगवानुलु ने कहा कि मध्यस्थता हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है और इसके माध्यम से कई समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित