राजकोट , जनवरी 12 -- गुजरात के कच्छ एवं सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) 2026 मारवाड़ी यूनिवर्सिटी, राजकोट में केवल पहले दो दिनों में 1000 से अधिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिससे 500 करोड़ रुपए से अधिक का निर्यात व्यापार होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार 'बी-टू-बी' और 'बी-टू-जी' बैठकों में भी मजबूत आकर्षण देखने को मिला, जो व्यावसायिक सहयोग के लिए उत्प्रेरक के रूप में वीजीआरसी की भूमिका को और भी मजबूत बनाता है। इस प्रदर्शनी में स्थानीय व्यवसाय, उद्योग जगत के लीडर, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक संस्थान और टेक्निकल विद्यार्थीओ ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जो इसे विचारों, नवाचार और अवसरों का जीवंत संगम बनाता है। उद्यमियों, कारीगरों और नवोन्मेषकों को वैश्विक खरीदारों के साथ जोड़कर, वीजीआरई व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक अग्रणी केंद्र के रूप में गुजरात की स्थिति को मजबूत करती है।
इन दो दिनों के दौरान 50 से अधिक क्षेत्र-केंद्रित सेमिनार और विषयों के सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उद्योगों, कृषि, मत्स्य पालन, पर्यटन, पर्यावरण, स्टार्टअप्स, सस्टेनेबिलिटी और भविष्य की तकनीकों का समावेश किया गया है। आज सुबह 20 सेमिनार और दोपहर बाद 23 सत्र आयोजित हुए, जिनमें क्षेत्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) कॉन्क्लेव भी शामिल है। इसके अलावा, विशेष कार्यक्रम में वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम, उद्यमी मेला और रिवर्स बायर्स-सेलर्स मीट, इन सभी में हितधारकों की मजबूत भागीदारी रही।
वीजीआरसी 2026 में चार भागीदार देशों जापान, रवांडा, दक्षिण कोरिया और यूक्रेन के 12 भागीदार संगठनों की भागीदारी रही। राष्ट्रों और संस्थानों की इस सीधी भागीदारी ने गुजरात की क्षेत्रीय विकास वार्ता में वैश्विक विश्वास पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि उद्घाटन सत्र में मुकेश अंबानी (रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड), बी.के. गोयनका (वेलस्पन ग्रुप), करण अदानी (अदानी पोर्ट्स और एसईजेड लिमिटेड), पराक्रमसिंह जी. जाडेजा (ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन), समीर मेहता (टोरेंट ग्रुप), प्रशांत रुइया (एस्सार ग्रुप) और रवांडा, यूक्रेन एवं गयाना के राजदूतों और उच्यायुक्तों सहित उद्योग जगत के अग्रणी दिग्गजों की मौजूदगी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित