नयी दिल्ली , मार्च 09 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने होली के मौके पर यहां हुई तरुण खटीक की हत्या की घटना की निंदा की है और कहा है कि ऐसे लोगों को उन्हीं भाषा में उत्तर देने के लिए विवश न किया जाए।

विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के उत्तम नगर में सात साल की मासूम बच्ची ने अपने ताऊजी पर पानी का गुब्बारा फेंका था, जिसके चंद छींटे वहां से गुजर रही एक समुदाय की महिला के कपड़ों पर पड़ गये। इसके बाद तरुण के माता - पिता और ताऊ को निर्ममता से पीटा गया। फिर तलवारों, पत्थरों लाठियां से हमला करके तरुण की सरेआम हत्या कर दी गयी।

उन्होंने बताया कि 25-30 लोगों की भीड़ ने इस वारदात को अंजाम दिया। अभी तक इस हत्याकांड की मुख्य षड्यंत्रकारी उस महिला को गिरफ्तार तक नहीं किया गया। उसे अविलंब गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ करनी चाहिए।

इस दौरान उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि छोटी- छोटी बातों पर आसमान सिर पर उठाने वाले श्री गांधी समेत सभी नेता तरुण की निर्मम हत्या पर आज तक चुप हैं। इससे स्पष्ट होता है कि ये लोग इन सब हत्याकांडों को मौन समर्थन दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को तरुण के हत्यारों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई करनी चाहिए कि लोग ऐसी वारदात को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित