चमोली , फरवरी 08 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी में गैरसैण में आगामी विधानसभा सत्र, जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में महा शिवरात्रि पर्व आयोजन और विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिजार्ट औली में आयोजित होने वाले शीतकालीन राष्ट्रीय खेलों शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है।

चमोली जिले के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने रविवार को जिले के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा गोष्ठी में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया श्री सिंह ने महा शिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं मंदिर परिसरों में आयोजित होने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड एवं महिला होमगार्ड/पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

उन्होंने कार्य और ड्यूटी समीक्षा बैठक में औली में आयोजित होने वाले शीतकालीन खेलों एवं उत्सव के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आयोजन स्थलों एवं आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में ज्योतिर्मठ-औली मार्ग पर बर्फ जमी होने के कारण आयोजन के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने हेतु बीआरओ के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने एवं समस्त व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने भराड़ीसैंण (गैरसैण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल हेतु आवासीय एवं संचार व्यवस्था तथा सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर लगने वाले बैरिकेडिंग को लेकर संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो, इसके लिए अन्य विभाग से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, साथ ही विधानसभा सत्र के दौरान समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करते हुए सत्र से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित