भोपाल , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ दायर मानहानि प्रकरण में बुधवार को भोपाल की सांसद-विधायक विशेष न्यायालय में साक्षी विजय अटवाल उपस्थित हुए, लेकिन दिग्विजय सिंह के अधिवक्ता अजय गुप्ता के अन्य न्यायालयों में व्यस्त होने के कारण उनका प्रतिपरीक्षण नहीं हो सका।

जिसके बाद विशेष न्यायाधीश विजय कुमार पाठक की अदालत ने साक्षी के आने-जाने के खर्च के रूप में एक हजार रुपये कास्ट जमा कराने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर 2026 को होगी। अदालत ने अगली सुनवाई पर वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता को उपस्थित होकर साक्षी का प्रतिपरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण के अनुसार वर्ष 2014 में दिग्विजय सिंह ने विधानसभा के बाहर एक लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यापमं मामले की जांच एसआईटी से कराने की मांग की थी। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने विष्णु दत्त शर्मा को व्यापमं कांड का 'हीरो' तथा व्यापमं और संघ का 'बिचौलिया' बताया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस की खबर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के साथ न्यूज चैनलों पर भी प्रसारित हुई थी।

इन कथित टिप्पणियों को आधार बनाकर विष्णु दत्त शर्मा ने वर्ष 2014 में न्यायालय में मानहानि का परिवाद प्रस्तुत किया था। प्रकरण दर्ज होने से पहले विजय अटवाल, अभिलाष पांडे, वैभव पवार और स्वयं विष्णु दत्त शर्मा के बयान दर्ज किए गए थे। इन बयानों के आधार पर वर्ष 2022 में न्यायालय ने मानहानि का प्रकरण पंजीबद्ध किया था।

मामले में 26 जुलाई 2025 को साक्षी विजय अटवाल के बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज किए गए थे। बुधवार को इन्हीं पूर्व में दर्ज बयानों का दिग्विजय सिंह की ओर से प्रतिपरीक्षण किया जाना था, लेकिन अधिवक्ता की व्यस्तता के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।

दिग्विजय सिंह के अधिवक्ता अजय गुप्ता ने बताया कि बुधवार की कार्यवाही में दिग्विजय सिंह की उपस्थिति को लेकर अदालत ने कोई आदेश जारी नहीं किया और न ही उनके संबंध में कोई टिप्पणी की है।

परिवादी विष्णु दत्त शर्मा की ओर से अधिवक्ता सचिन वर्मा ने बताया कि वर्ष 2014 की लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिग्विजय सिंह द्वारा की गई कथित टिप्पणियों तथा उनके विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित एवं प्रसारित होने के आधार पर मानहानि का प्रकरण चल रहा है। अब साक्षी के प्रतिपरीक्षण की कार्रवाई 28 सितंबर को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित