बेंगलुरु , अक्टूबर 30 -- कर्नाटक सरकार आगामी 19 नवंबर को आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में कन्नड़ सिनेमा के महान अभिनेताओं डॉ. विष्णुवर्धन और बी. सरोजा देवी को राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'कर्नाटक रत्न' (मरणोपरांत) से सम्मानित करेगी।
कन्नड़ एवं संस्कृति मंत्री शिवराज तंगदागी ने शुक्रवार को विधान सभा में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह विधान सभा की भव्य सीढ़ियों के सामने आयोजित किया जाएगा। सरकार इस समारोह में तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत के साथ-साथ उन समकालीन अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को आमंत्रित करने की योजना बना रही है, जिन्होंने इन दोनों महान हस्तियों के साथ स्क्रीन साझा की थी।
उन्होंने बताया कि अभिनेत्री लक्ष्मी और सुहासिनी को भी आमंत्रित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य इस कार्यक्रम को भारतीय सिनेमा और कन्नड़ संस्कृति में दोनों दिग्गजों के अतुलनीय योगदान के प्रति एक अविस्मरणीय श्रद्धांजलि बनाना है।
विष्णुवर्धन और बी. सरोजा देवी को मरणोपरांत 'कर्नाटक रत्न' देने का फैसला 11 सितंबर 2025 को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था। श्री तंगदागी ने कहा कि राज्य की कई अन्य हस्तियां भी इस सम्मान की हकदार हैं और आने वाले वर्षों में उनके नामों पर भी विचार किया जाएगा।
इससे पहले विष्णुवर्धन के परिवारजनों, प्रशंसक संघों और फिल्म जगत की हस्तियों ने सरकार से उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित करने का आग्रह किया था। उनकी पत्नी भारती विष्णुवर्धन और दामाद अनिरुद्ध ने इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से मुलाकात भी की थी। इसके अलावा अभिनेत्री जयमाला, श्रुति, तारा अनुराधा और मालविका अविनाश ने भी श्री शिवकुमार को याचिका सौंपी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित