भरतपुर , सितम्बर 10 -- राजस्थान में धौलपुर में बुधवार को विषाक्त पदार्थ के सेवन से एक प्रेमी युगल की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी 26 वर्षीय आकाश साहू और 45 वर्षीया कुसुम के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को धौलपुर पहुंचे दोनों के परिजनों को शव सौंप दिये गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ने एक साथ एक कॉलेज के पीछे जहर खाया। इसके बाद दोनों धौलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां दोनों की तबीयत बिगड़ गयी। दोनों को बेहोशी की हालत में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने अस्पताल पहुंचाया जहां देर रात इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

कुसुम की चार बेटियां और एक बेटा है। वर्ष 2021 में कुसुम अपने पति से अलग होकर मायके छिंदवाड़ा में रहने लगी थी। इसी दौरान उसका आकाश से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। आकाश एवं कुसुम करीब 10 दिन पहले धौलपुर आये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित