उदयपुर , जून 21 -- राजस्थान के उदयपुर में विश्व संगीत दिवस के अवसर पर रविवार को सुरों की मंडली संस्था वरिष्ठ इकाई द्वारा संगीत सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
शहर के शोभागपुरा स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल अशोका पैलेस में आयोजित सम्मान समारोह में संगीत एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों, संगीत साधकों और संगीत पहेली प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान किया गया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि समारोह में वरिष्ठ ग़ज़ल गायक डॉ. प्रेम भंडारी को संगीत एवं ग़ज़ल गायन के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. भंडारी ने अपनी सशक्त गायकी एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से वर्षों से संगीत प्रेमियों के बीच विशेष पहचान बनायी है।
समारोह में संगीत जगत की विशिष्ट विभूति दिवंगत सुधाकर पीयूष को उनके आजीवन एवं बहुआयामी योगदान के लिए मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके परिजनों ने ग्रहण किया। पीयूष ने वर्ष 1975 में उदयपुर का पहला ऑर्केस्ट्रा ग्रुप 'यूजी-एम ग्रुप' स्थापित किया था। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए 'नन्हे सितारे' श्रृंखला की शुरुआत की, राजस्थानी संगीत को नयी पहचान दिलाई और बॉलीवुड एवं हॉलीवुड के कलाकारों के साथ भी कार्य किया। इनके अतिरिक्त देवेंद्र सिंह हिरण, फैय्याज खान, मारिषा दीक्षित, के.के. त्रिपाठी, इंद्रदेव पीयूष एवं कैलाश केवलिया को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुरों की मंडली द्वारा आयोजित संगीत पहेली प्रतियोगिता के 11 विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों में हेमा जोशी, गीता राठौड़, निखिल माहेश्वरी, हरीश भाटिया, नीलम पटवा, आराध्या वैष्णव, पंडित प्रकाश परसाई, मोहित माथुर, नलिनी बंधु, एच. क़ाज़ी एवं राजकुमार बापना शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित