भोपाल , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स देशों के 12वें संसदीय मंच के सम्मेलन में सहभागिता की। सम्मेलन में जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को सशक्त बनाने के विषय पर चर्चा की जा रही है। इसमें आतंकवाद का मुकाबला, संसदीय कूटनीति, डिजिटल परिवर्तन, नैतिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
श्री तोमर ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र को समझने के इच्छुक देश भारत से सीख सकते हैं। भारत सबका साथ, सबका विकास और वसुधैव कुटुंबकम की भावना में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि भारत केवल अपने कल्याण की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की प्रगति और विश्व शांति की कामना करता है। विश्व में शांति स्थापित करना भारत का लक्ष्य रहा है और वर्तमान वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य में देश की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है।
श्री तोमर ने कहा कि ब्रिक्स संगठन वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख मंच के रूप में उभर रहा है और इसे सशक्त बनाने में भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे समय में भारत में संसदीय मंच का सम्मेलन आयोजित होना महत्वपूर्ण है। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव और कार्य साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य की रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।
संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में 26 और 27 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की। इसमें विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित