अलवर , जुलाई 29 -- राजस्थान के अलवर में विश्व बाघ दिवस के अवसर पर सरिस्का बाघ परियोजना में बुधवार को संरक्षण और जन जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
वन विभाग द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान बाघ संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया गया, वहीं अभयारण्य क्षेत्र में सफाई अभियान, पौधारोपण और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करके वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया।
विश्व बाघ दिवस हर वर्ष 29 जुलाई को बाघों और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। सर्वाधिक पैदल गश्त करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मार्च 2026 के लिए वनरक्षक कोमल सैनी, अप्रैल 2026 के लिए सहायक वनपाल धर्म सिंह कुम्हार, मई 2026 के लिए वनरक्षक सरोज कुमारी और जून 2026 के लिए वनरक्षक संतोष शर्मा को बाघ संरक्षण में समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही सरिस्का बाघ अभयारण्य की सभी रेंजों, नाकों और चौकियों पर विशेष सफाई अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य वन क्षेत्र की स्वच्छता बढ़ाने के साथ हरित आवरण को मजबूत करना और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को बेहतर बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित