रायपुर , अगस्त 19 -- विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बुधवार को रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट 'दृश्य संवाद 2026' का शुभारंभ हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फेस्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्टों का सम्मान भी किया गया। प्रदर्शनी में प्रेस फोटो जर्नलिस्टों के साथ प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। तस्वीरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, परंपरा, महत्वपूर्ण घटनाओं और जनसरोकार से जुड़े विषयों को सामने रखा गया है।
प्रदर्शनी को 'प्रकृति एवं पर्यावरण', 'संस्कृति एवं परंपरा', 'समाचार एवं जनसरोकार' और ओपन कैटेगरी में बांटा गया है। ओपन कैटेगरी में प्रेस क्लब के गैर-सदस्य प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों को भी भागीदारी का अवसर दिया गया है। इसमें 35 से अधिक प्रतिभागियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गयी हैं।
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद जायसवाल ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि महत्वपूर्ण क्षणों को इतिहास के लिए सुरक्षित रखने की कला और जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट को घटनास्थल पर कम समय में सही क्षण और एंगल का चयन करना पड़ता है तथा इसके लिए तकनीकी ज्ञान के साथ त्वरित निर्णय लेने की क्षमता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार किसी घटना को शब्दों के माध्यम से सामने रखते हैं, लेकिन कई बार एक तस्वीर वही बात एक क्षण में लोगों तक पहुंचा देती है। यही फोटो जर्नलिज्म की ताकत है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्टों का अनुभव नयी पीढ़ी तक पहुंचता है और युवा तथा शौकिया फोटोग्राफरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि 'दृश्य संवाद' केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय से संवाद का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में फोटो जर्नलिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है और एक सशक्त तस्वीर कई बार बिना लंबे विवरण के पूरी घटना को प्रभावी ढंग से सामने रख देती है।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में दर्शक छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, समाज और विभिन्न घटनाक्रमों को फोटोग्राफी के नजरिये से देख सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित