रामनगर,26जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर के विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुमाऊं कंजरवेटर डॉ. साकेत बडोला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों, वनकर्मियों व कर्मचारियों को संबोधित किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

डॉ. साकेत बडोला ने अपने संबोधन में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की शान है, और इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वनकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी वन कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे हैं।

कंजरवेटर ने वन कर्मचारियों को अपने कार्य को और अधिक संकल्प, समर्पण और आधुनिक तरीकों से करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक, अनुशासन और टीमवर्क के माध्यम से वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। साथ ही, स्थानीय समुदायों को संरक्षण से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ वन अधिकारी, रेंज अधिकारी, वन दरोगा, वन रक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया और सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्राकृतिक धरोहर की रक्षा का संकल्प लिया। समारोह ने वनकर्मियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित