ब्रासीलिया (ब्राजील) , अप्रैल 11 -- दो बार की ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी और राम बाबू रविवार को होने वाली विश्व पैदल चाल टीम चैंपियनशिप 2026 में 12-सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। इस टीम में उनके साथ मैराथन वॉक में नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाली मंजू रानी और सर्विन सेबेस्टियन भी शामिल हैं। पैदल चाल 10 किमी और 20 किमी के राष्ट्रीय रिकार्डधारी साहिल और अक्षदीप सिंह भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
प्रियंका गोस्वामी के नाम 10 किमी पैदल चाल का रार्ष्टीय रिकार्ड है और वे 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता हैं। वहीं, राम बाबू ने 35 किमी पैदाल चाल और मैराथन वॉक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए हैं।
विश्व पैदल चाल टीम चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम इस प्रकार है:- पुरुष मैराथन रेस वॉक: राम बाबू, संदीप कुमार।
पुरुष हाफ मैराथन रेस वॉक: हरदीप, साहिल, सर्विन सेबेस्टियन, अक्षदीप सिंह। महिला मैराथन रेस वॉक: पायल, प्रियंका गोस्वामी, मंजू रानी। महिला हाफ मैराथन रेस वॉक: मानसी नेगी, मुनिता प्रजापति, रवीना।
वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा आयोजित यह आगामी चैंपियनशिप इस प्रतियोगिता का 31वां संस्करण होगा। इसमें प्रतियोगिता के प्रारूप में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसमें 40 देशों के 250 से अधिक एथलीट नई निर्धारित सीनियर रेस वॉकिंग दूरियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
नए कार्यक्रम में पारंपरिक 20किमी और 35किमी की स्पर्धाओं की जगह हाफ मैराथन (21.0975किमी) और मैराथन (42.195 किमी) को शामिल किया गया है, जो वर्ल्ड रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप में सीनियर स्तर पर पहली बार शामिल की जा रही हैं।
जूनियर (अंडर 20) वर्ग में 10किमी की दौड़ें होंगी। हालाँकि, जूनियर स्पर्धाओं में कोई भी भारतीय एथलीट हिस्सा नहीं ले रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित