हरिद्वार , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरित हरिद्वार अभियान को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सिडकुल स्थित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जिलावासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए यदि पेड़ों का कटान किया जाता है तो उसकी भरपाई उससे अधिक संख्या में पौधे लगाकर की जानी चाहिए। साथ ही इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी होगी, तभी हरिद्वार को वास्तविक अर्थों में हरा-भरा बनाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट और इंडो एशियन कंपनी के सहयोग से लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया गया है। कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत तैयार किए गए इस पार्क में अब तक करीब नौ हजार पौधे रोपे जा चुके हैं। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और संस्थाओं से भी खाली पड़ी भूमि पर वृक्षारोपण कर हरित हरिद्वार अभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक कमल किशोर फर्त्याल ने बताया कि पार्क के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई है तथा वन विभाग के सहयोग से यहां नौ हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी विभिन्न प्रजातियों के 300 से अधिक पौधे लगाए गए।
गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट के प्रोजेक्ट हेड जगदीप ठाकुर ने बताया कि ट्रस्ट लंबे समय से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है तथा आगामी तीन वर्षों तक पार्क के रखरखाव और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित