सहारनपुर , जून 5 -- उत्तर प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री तथा सहारनपुर के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने विकासखंडों, नगर निकायों और नगर निगम क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सर्किट हाउस सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों तथा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विस्तृत एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद, 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान अवधि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनसंपर्क कार्यक्रमों के तहत प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद स्थापित किया जाए। जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन विकासखंडों और नगर निकायों में किया जाए तथा उनमें जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में प्रबुद्धजनों द्वारा सरकार की उपलब्धियों पर व्याख्यान आयोजित किए जाएं। विकास प्रदर्शनी कम्पनी बाग में लगाई जाए तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से किसानों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य एवं व्यापक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने जिला पंचायत, नगर निगम और पंचायती राज विभाग को सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने किसानों के लिए खाद समितियों पर स्वच्छ पेयजल, छाया और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने, खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा गौ आश्रय स्थलों को मिलने वाले अनुदान का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने सभी प्राथमिक विद्यालयों के शत-प्रतिशत कायाकल्प, विद्यालयों में फर्नीचर एवं स्मार्ट क्लास की व्यवस्था तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित