रायपुर, 03 जून 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को रायपुर स्थित होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में पोस्टर प्रतियोगिता, इको क्लब शिक्षकों का प्रशिक्षण, संगोष्ठी और पुरस्कार वितरण समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों और युवाओं में प्रकृति एवं जलवायु के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे पोस्टर प्रतियोगिता एवं इको क्लब के शिक्षकों के प्रशिक्षण सत्र से होगा। पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को पर्यावरणीय चुनौतियों तथा उनके समाधान विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिलेगा।
दोपहर 3:30 बजे से पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास विषय पर संगोष्ठी तथा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव राजु अगसिमनि ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को पर्यावरण संरक्षण के साझा प्रयासों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान जनभागीदारी और व्यापक जागरूकता से ही संभव है।
समारोह में पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही इको क्लबों की गतिविधियों, नवाचारों और पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदेश के उत्कृष्ट इको क्लबों द्वारा संचालित पर्यावरणीय गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित