नैनीताल , जून 04 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचेंगे। वह भीमताल में आयोजित पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह पहुंचेंगे। वह राज्य अतिथि गृह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात एवं संवाद करेंगे। आने वाले राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के दृष्टि से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री सेंट जोसेफ स्कूल के मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा भीमताल के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री भीमताल झील के निकट आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे और विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

इसके पश्चात वह रामलीला ग्राउंड में विश्व पर्यावरण दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित उत्तराखंड अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए नैनीताल और भीमताल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित