दरभंगा, जून 05 -- िश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (जीविका) के तत्वावधान में जिले भर में वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने "जल-जीवन-हरियाली" का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक किया।
जीविका द्वारा प्रत्येक वर्ष स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक संगठनों के माध्यम से विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, पौधारोपण तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में केवटी प्रखंड की पचाढ़ी पंचायत में विशेष जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक समीउल हसन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जीविका दीदियों से अपने-अपने गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने, जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रत्येक परिवार को कम-से-कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत हैं और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जागरूकता संदेश दिए तथा सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इसके बाद अधिकारियों एवं जीविका दीदियों ने विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वित्त प्रबंधक आशीष कुमार, संतोष चौधरी, मनोरमा मिश्रा, क्षेत्रीय समन्वयक विवेक कुमार पूर्वे, एलएस मैडम सहित जिला एवं प्रखंड कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पहल जीविका दीदियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी तथा "हरित दरभंगा" के निर्माण में एक सार्थक कदम सिद्ध होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित