भोपाल , मई 26 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों और रेल संस्थानों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इटारसी स्टेशन पर विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाकर प्लेटफॉर्म, पैदल पुल, ट्रैक, यार्ड, वाटर बूथ और नालियों की व्यापक सफाई की गई। इसी प्रकार बीना स्टेशन पर भी विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ रेल परिसर का संदेश दिया गया।
डीजल लोको शेड इटारसी में विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के अंतर्गत सांस्कृतिक समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता पी एस रघुवंशी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पश्चिम मध्य रेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू यार्ड इटारसी में छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए "प्रदूषण को दूर करो, पर्यावरण को बचाओ" का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
उप मंडलीय रेल चिकित्सालय बीना और बीना रनिंग रूम में भी पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान वेंडरों और रेल कर्मचारियों को माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रेल प्रशासन के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत भोपाल मंडल में लगातार स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित