नैनीताल , सितंबर 27 -- विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की खूबसूरत पर्यटन नगरी मुक्तेश्वर में पर्यटन विभाग द्वारा रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस अभियान के तहत स्थानीय होटल व्यवसायियों, होम-स्टे संचालकों, टूर ऑपरेटरों एवं गाइडों के साथ मिलकर चौली की जाली एवं महादेव मंदिर पर्यटन स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान में मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन के सुदर्शन सिंह साही एवं सचिव विक्रम सिंह बिष्ट, मुक्तेश्वर होम-स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र उनियाल के अलावा स्थानीय होटल व्यवसायी सुभाष, होटल सुकामा के प्रतिनिधि तथा स्थानीय टूर ऑपरेटर, गाइड व होम-स्टे स्वामियों ने प्रतिभाग किया।

पर्यटन विभाग की ओर से जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चन्द्र आर्य के नेतृत्व में चन्दन सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह जनरल, मो. गफ्फार, दयाकिशन, पंकज हर्बोला, मो. नसीम एवं विनीत तथा होम-स्टे व्यवसायी दीपक सिंह मतोलिया आदि उपस्थित रहे। अभियान के उपरांत होटल सुकामा में एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित