रांची , मई 29 -- झारखंड में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आज पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), रांची के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की शपथ ली।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। शपथ के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहेंगे, अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा तंबाकू नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर दूरदर्शन समाचार इकाई, झारखंड के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी सह दूरदर्शन रांची के समाचार संपादक गौरव कुमार पुष्कर, सीबीसी के तकनीकी सहायक राजा आलम समेत पीआईबी और सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित