सिरसा , जुलाई 30 -- हरियाणा के सिरसा जिले के गांव संतनगर के 24 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी राजिंद्र सिंह ने एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सिरसा और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। राजिंद्र का चयन पहले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप-2026 और उसके बाद जापान में होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। लगातार दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होने की खबर मिलते ही संतनगर गांव में खुशी का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया, जबकि राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने इसे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया।

विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा, जहां राजिंद्र भारतीय टीम की ओर से मैदान में उतरेंगे। इसके बाद 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान में आयोजित होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप में भी वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। लगातार दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए चयन ने उनके खेल करियर को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।

राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 में शुरू हुआ उनका हॉकी सफर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। शुरूआती दिनों से ही राजिंद्र ने अनुशासन और मेहनत को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया। भारतीय टीम में हरियाणा प्रदेश के कुल पांच खिलाडिय़ों को जगह मिली है। इनमें सिरसा के राजिंद्र सिंह, हिसार के संजय तथा सोनीपत के जसदीप, सुमित और अभिषेक शामिल हैं। इससे एक बार फिर हरियाणा ने देश को उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी देने की अपनी परंपरा को कायम रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित