दरभंगा , सितंबर 21 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में सोमवार को विभागाध्यक्ष प्रो. अनीस अहमद की अध्यक्षता में विश्व अल्जाइमर दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर प्रो. अनीस अहमद ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 सितंबर को विश्व अल्जाइमर दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य अल्जाइमर रोग एवं स्मृतिलोप से जुड़ी अन्य बीमारियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा बीमारी से संबंधित भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को दूर करना है। उन्होंने कहा कि अल्जाइमर स्मृतिलोप का सबसे सामान्य कारण है और स्मृतिलोप के लगभग 60 से 70 प्रतिशत मामलों में इसकी भूमिका बतायी जाती है।उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ याददाश्त में कमी को हमेशा सामान्य मान लेना उचित नहीं है। याददाश्त, सोचने-समझने और दैनिक कार्यों को करने की क्षमता में लगातार गिरावट जैसे लक्षणों की समय रहते पहचान और विशेषज्ञ से परामर्श आवश्यक है। शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से मरीज एवं उनके परिवार को उपचार, देखभाल और भविष्य की बेहतर योजना बनाने में सहायता मिल सकती है।
प्रो. अनीस अहमद ने कहा कि अल्जाइमर केवल मरीज को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार के सदस्यों और उनकी देखभाल करने वालों पर भी भावनात्मक एवं शारीरिक दबाव पड़ता है। ऐसे में समाज को मरीजों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्रो. ध्रुव कुमार, डॉ. मो. ज्या हैदर, डॉ. दिवेश कुमार शर्मा और डॉ. निशत शाहीन ने भी अल्जाइमर रोग के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बीमारी के शुरुआती लक्षणों, मानसिक स्वास्थ्य, मरीजों की देखभाल तथा परिवार की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जागरूकता को इसके प्रभाव को कम करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। अल्जाइमर रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली के माध्यम से लोगों को बीमारी के लक्षणों को समझने, समय पर चिकित्सकीय एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श लेने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित