भरतपुर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान में कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने उन सभी खबरों से इन्कार किया है, जिसमें उनके कांग्रेस से इस्तीफा देने की बात कही जा रही है।
श्री सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया पर जारी उनके संदेश में उन्होंने अपने मन की बात कही है जिसमें कहीं भी कांग्रेस से इस्तीफा देने का जिक्र नही है, लेकिन संदेश में कही गयी मन की पीड़ा को मीडिया ने गलत तरीक़े से पेश किया है। उन्होंने बताया कि भरतपुर एवं डीग जिले में पार्टी में चल रही अवांछनीय गतिविधियां सहन किये जाने योग्य नहीं हैं, जिन्हें लेकर विरोध व्यक्त किया जाना जरूरी है। श्री सिंह ने कहा कि दोनों जिलों में पार्टी का सिरमौर बनने का दम्भ भरने वालों में अगर दम है तो वे अपने गिरेबान में झांककर इस बात का जवाब दें कि भरतपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का सांसद किसके बलबूते पर बना।
उल्लेखनीय है कि श्री सिंह के कांग्रेस से इस्तीफा देने की सोशल मीडिया के साथ कुछ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों पर प्रसारित खबर के बाद पूरे राजस्थान में राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित