जोधपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ किसनराव बागडे ने कहा है कि विश्वविद्यालय को राष्ट्र निर्माण का वैचारिक केंद्र बनना चाहिए, जहां से अनुशासित, राष्ट्रनिष्ठ एवं नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण नेतृत्व तैयार हो।

श्री बागडे शुक्रवार को सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं आपराधिक न्याय विश्वविद्यालय में अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भारतीय मूल्यों और राष्ट्रीय दृष्टि पर आधारित है, अतः भारतीय ज्ञान परंपरा तथा आधुनिक अनुसंधान का समन्वय कर विद्यार्थियों के ज्ञान, चरित्र एवं कौशल का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाए।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों की बौद्धिक एवं शारीरिक क्षमताओं के समग्र विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने खेल, व्यायाम, नेतृत्व प्रशिक्षण एवं व्यवहारिक अभ्यास को शिक्षा का अभिन्न अंग बनाने के निर्देश दिए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक वृक्षारोपण अभियान संचालित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, परिणामोन्मुख अनुसंधान, परीक्षा प्रणाली, नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, सामुदायिक सेवाओं तथा छात्र कल्याण से संबंधित विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

श्री बागडे ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण मॉड्यूल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को इस प्रकार डिज़ाइन किया जाए कि विद्यार्थियों को पुलिस सेवाओं एवं रक्षा सेवाओं की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित