जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने बुधवार को कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षण में नवाचार ऐसे हो कि भारत के अन्य स्थानों और विदेश के विद्यार्थी भी हमारे यहां पढ़ने लिए प्रोत्साहित हो।
श्री बागडे ने आज यहां लोकभवन में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर की भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में तैयार विद्यार्थी केंद्रित नयी वेबसाइट का बटन दबाकर लोकार्पण किया। उन्होंने नयी तैयार वेबसाइट में विद्यार्थियों और अन्य संबंधित जनों के लिए शैक्षिक जानकारियों और विश्वविद्यालय से जुड़ी प्रवेश, पाठ्यक्रम आदि प्रक्रियाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु सुरेश अग्रवाल ने बताया कि महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय जीरो कार्बन कैम्पस हो गया है। यहां भारतीय ज्ञान परम्परा और वैदिक वांग्मय से जुड़े अध्ययन को आधुनिक परिप्रेक्ष्य में विकसित किए जाने की पहल की गई है। नई डिजाइन वेबसाइट में विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी जानकारियां सहज उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न प्रक्रियाओं को ऑनलाइन सुगम किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित