गोरखपुर , मई 2 -- "सबसे पहले नहीं, सबसे सही होना जरूरी" के संदेश के साथ मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, गोरखपुर की ओर से शनिवार को शास्त्री चौक स्थित सूचना संकुल भवन में "लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका एवं चुनौतियां" विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने की श्रृंखला के अंतर्गत किया गया। नारद दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी विश्वसनीयता है और इसे बनाए रखना ही पत्रकारिता की असली परीक्षा है।
वरिष्ठ पत्रकार कमलेश त्रिपाठी ने कहा कि मीडिया पर बाजारवाद का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, हालांकि इसके सकारात्मक पहलू भी हैं। इससे संसाधनों और तकनीक का विस्तार हुआ है तथा पत्रकारिता का दायरा बढ़ा है, लेकिन प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निष्पक्षता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए।
मुख्य वक्ता जगदीश लाल श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत 30 मई 1826 को 'उदन्त मार्तण्ड' से हुई थी और आज यह 200 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता बाजार से अलग नहीं रह सकती, लेकिन उसकी आत्मा उसके मूल्यों में ही निहित होती है। उन्होंने संपादकीय स्वतंत्रता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दबाव में लिए गए निर्णय मीडिया की साख को कमजोर करते हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व संपादक सुजीत पांडेय ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। पहले खबरें समाज के सरोकारों पर आधारित होती थीं, जबकि अब कई बार खबरों के अनुरूप समाज को ढालने की प्रवृत्ति दिखाई देती है। उन्होंने सनसनीखेज खबरों की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई और पत्रकारों से जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
वरिष्ठ पत्रकार राजेश सिंह बशर ने कहा कि आज खबर प्रकाशित होने के बाद भी उस पर भरोसा कम होता जा रहा है। फेक न्यूज और अधूरी जानकारी ने मीडिया की साख को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि "सबसे पहले" से अधिक "सबसे सही" होना ही पत्रकारिता की पहचान है।
कार्यक्रम में अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा वरिष्ठ पत्रकार जगदीश लाल श्रीवास्तव को "नारद सम्मान" से नवाजा गया।
समिति के अध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि यह संगोष्ठी श्रृंखला प्रत्येक शनिवार को जारी रहेगी। 9, 16 और 23 मई को अगले सत्र आयोजित होंगे, जबकि 30 मई 2026 को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर इसका भव्य समापन होगा। इस अवसर पर सहायक सूचना निदेशक प्रशांत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित