वाराणसी , अप्रैल 29 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने काशी दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह बरेका से रोड शो करते हुए काशीवासियों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। धाम में ब्राह्मणों और बटुकों ने प्रधानमंत्री का डमरुओं की निनाद तथा शंखनाद के साथ भव्य स्वागत किया।
विश्वनाथ धाम भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री ने विक्रमादित्य वैदिक घड़ी को देखा और उसके बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विश्वनाथ धाम में लोगों का अभिवादन किया और गंगा द्वार भी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री काशी विश्वनाथ जी का जलाभिषेक किया तथा पंचामृत से स्नान कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने बाबा विश्वनाथ का श्रृंगार किया और आरती उतारी।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री को त्रिशूल तथा मेयर अशोक कुमार तिवारी ने डमरू उपहार स्वरूप भेंट किया। इस अवसर पर मंत्री रविंद्र जायसवाल, मंत्री अनिल राजभर और डॉ. दयाशंकर मिश्रा 'दयालु' भी उपस्थित रहे। मंदिर का पूरा परिसर 'हर हर महादेव' के उद्घोष से गूंज उठा। अर्चकों ने प्रधानमंत्री मोदी को अंगवस्त्रम, रुद्राक्ष की माला, भस्म तथा बेलपत्र भेंट किए।
काशी विश्वनाथ धाम में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन करते हुए कुछ बच्चों से भी मुलाकात की। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित