रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सूरजपुर जिले के विश्रामपुर मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे।

श्री बैज ने कहा कि 25 से 27 मई तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्रामपुर थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि कांग्रेस को आखिर सड़क पर उतरने की नौबत क्यों आई। उनके अनुसार सरकार जानबूझकर शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को टालती रही, क्योंकि यह क्षेत्र परंपरागत रूप से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है और उपचुनाव में भाजपा बैकफुट पर नजर आ रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और उनकी पत्नी के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने घर पहुंचकर दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जिलाध्यक्ष के दबाव में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि पुलिस के पास कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। बैज ने आरोप लगाया कि कार्रवाई पूरी तरह एकतरफा रही।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया तो पहले दिन कोई अधिकारी चर्चा के लिए नहीं पहुंचा और दूसरे दिन भी प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की गई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं को आमरण अनशन शुरू करना पड़ा। श्री बैज ने बताया कि धरना और अनशन के दबाव के बाद देर रात करीब 12 बजे भारतीय जनता युवामोर्चा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, "क्या प्रदेश में दो तरह का कानून चल रहा है? प्राथमिकी करवाने के लिए हमें धरने पर बैठना पड़ा।"श्री बैज ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन को डराने और धमकाने का भी आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल चोरी के मामले को लेकर भी सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल अब तक बरामद नहीं हो सका है, जबकि अन्य मामलों में पुलिस ने तेजी दिखाई। उन्होंने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल मिल गया और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए, लेकिन उनका मोबाइल अब तक नहीं मिला। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "दीपक बैज का मोबाइल घूम गया, लेकिन पकड़ाया नहीं। वह चाहते हैं कि विपक्ष का सब कुछ घूम जाए।"उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता और विपक्ष की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए श्री बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लूट, चोरी, गोलीबारी, चाकूबाजी और जानलेवा हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही है लेकिन सरकार हालात संभालने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा, "हम अपने हक के लिए लड़ रहे हैं तो हमें कहा जा रहा है कि हम गुंडागर्दी कर रहे हैं।"कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक टोप्पो ने तहसीलदार को कमरे में बंद कर मारपीट की लेकिन सरकार इस मामले में कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए पूछा कि सरकार अपने विधायक के खिलाफ क्या कदम उठाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित