हैदराबाद , जुलाई 19 -- हैदराबाद और साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने सप्ताहांत के दौरान चलाये गये विशेष प्रवर्तन अभियानों में शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले कुल 823 वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज किये हैं। इसके साथ ही पुलिस ने इस अपराध के खिलाफ अपनी शून्य सहिष्णुता की नीति को दोहराया है।
हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि 17 और 18 जुलाई को चले दो दिवसीय अभियान के दौरान 586 मामले दर्ज किये गये। इनमें 439 दुपहिया वाहन चालक, 45 तिपहिया वाहन चालक, 97 चौपहिया वाहन चालक और पांच अन्य वाहनों के चालक शामिल हैं। अधिकतर अपराधियों के रक्त में अल्कोहल की सांद्रता (बीएसी) का स्तर प्रति 100 मिलीलीटर में 51 मिलीग्राम से 100 मिलीग्राम के बीच दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि बार के खुलने के समय में की गयी बढ़ोतरी के मद्देनजर पूरे शहर में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
इस बीच एक अलग पुलिस विज्ञप्ति में साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सप्ताहांत विशेष अभियान के दौरान 237 अपराधियों को पकड़ा गया, जिनमें 205 दुपहिया वाहन चालक, चार तिपहिया वाहन चालक और 28 चौपहिया वाहन चालक शामिल हैं। इनमें से 13 चालकों का बीएसी स्तर 300 मिलीग्राम/100 मिलीलीटर से ऊपर दर्ज किया गया। इन सभी अपराधियों को अदालत के सामने पेश किया जायेगा।
साइबराबाद पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब के प्रभाव में गाड़ी चलाने और घातक दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जायेगा, जिसमें जुर्माने के साथ अधिकतम 10 वर्ष की कैद की सजा का प्रावधान है।
साइबराबाद पुलिस ने यह भी बताया कि पिछले सप्ताह के दौरान, अदालतों के शराब पीकर गाड़ी चलाने के 309 मामलों का निपटारा किया गया है, जिसमें पांच अपराधियों को जुर्माने के साथ जेल की सजा सुनायी गयी। एक को जुर्माने के साथ सामुदायिक सेवा की सजा दी गयी और 303 चालकों पर जुर्माना लगाया गया। दोनों पुलिस कमिश्नरेटों ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों से इन प्रवर्तन प्रयासों में सहयोग करने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित